रविवार, 28 जून 2020

किट्टू

मेरा प्यारा किट्टू जाने कहाँ चला गया.दो महीने तक मैं हाथ में चेन लिए घर घर ढूंढती तथा पूछती क्या कोई ब्लैक-ब्राउन कुत्ता इधर आया है पर जवाब नकारात्मक मिलता. कभी-कभी घर के काम से ऑटो रिक्शा लेकर दूर भी जाना पड़ता तब मैं सर निकाल कर इधर उधर देखती शायद मेरा किट्टू कहीं दिख जाए तो मैं चेन से बाँध कर ले आऊँगी.
मैं कुत्तों से अत्यधिक डरती थी. कभी कुत्तों के पास नहीं जाया करती थी. रांची में हमलोगों का घर अक्सर बदलता रहता था. कंपनी की तरफ से एक बड़ा बंगला मिला. बंगला काफी दिनों से खाली था. मैं बैग लेकर घर में घुसी ही थी कि ७-८  कुत्ते मुझे वहाँ देखकर दौड़े.डर के कारण मेरी हालात खराब थी. किन्तु वैसा कुछ नहीं हुआ. सब मेरे चारो ओर खड़े हो दोनों आगे के पंजों को हिलाकर मेरा स्वागत करने लगे. मेरी जान पहचान कि एक महिला हमलोगों से मिलने आयी तो उसके साथ भी कुत्तों ने वैसा ही किया.
बाद में पता चला कि हमसे पहले एक अविवाहित इंजीनियर वहाँ रहा करता था. वह त्रिपुरा राज परिवार का बर्मन था. वह कुत्तों को ब्रेड, राइस और हड्डियां खिलाया करता था. सड़क के जितने कुत्ते आते सभी को खिलाता.
ऊपर के तल्ले में एक बंगाली बाबू रहते थे. उन्होंने भी दो कुत्ते पाल रखे थे. अविवाहित इंजिनियर का ज्यादा वक्त बंगाली बाबू के परिवार के साथ बीतता था. बंगाली परिवार उसे छोटे भाई का प्यार देते थे.
दोनों महाशय गाने बजाने के बहुत शौक़ीन थे. तानपूरा, हारमोनियम,तबला सभी पर अभ्यास किया करते थे. जब बर्मन दादा घर छोड़कर गए तो सब कुत्ते अनाथ से हो गये वे सभी कोर्टयार्ड और बरामदे में रहते. हमारे आने के बाद आदत से लाचार कुत्ते आगे पीछे लाइन से बैठ जाते. मजबूरन हमलोग उन्हें खाना देते रहते. हमारे द्वारा परम्परा बनाये रखने कि पूरी कोशिश हुई..
बंगाली परिवार बहुत खुशमिजाज स्वभाव के थे. पलक झपकते हमलोगों से अच्छी दोस्ती हो गयी. अधिकतर मेरी बातचीत ऊपर बालकोनी में खड़ी पड़ोसन से होती रहती. जब कभी मैं चटक साडी पहन कॉलेज पढाने जाती तो वे प्रशंसा से मुझे देखती. 
बंगाली परिवार के पास खुद के दो कुत्ते थे, एक पामेरियन और दूसरा भूटानी पर सीढ़ी के नीचे एक अल्सेशियन भी रहती थी. पता लगा जब उसका रशियन मालिक विदेश लौट गया तो वह भटकते हुए इस बंगले में ठौर पा सकी.
वह बहुत ही सुन्दर, समझदार और स्नेही थी. इससे पहले मैंने इतनी समझदारी किसी कुत्ते में नहीं देखी थी. सामान्य कुत्तों से लंबी ,ऊंची और भूरापन लिए हुए काले बाल. इसीलिये उसका नाम भी काली रख दिया गया था. किसी नए आदमी को देखकर अगर उसमें कोई खोट नहीं हुआ तो वह बहुत प्यार से दम हिलाती. ऐसा अकसर होता है कि सामान्य कुत्तों को देखकर दूर हट जाने की इच्छा होती है पर काली को देखकर कोई भी प्यार किये बिना नहीं रहता. बर्मन के जाने के बाद काली हमेशा हमलोगों के बरामदे में बैठी रहती.   
समयांतर में काली ने ५ बच्चों को जन्म दिया. बच्चों का जन्म बंगले के पीछे घास और छोटे पौधों के बीच छिपे हुए गड्ढे में हुआ. बंगाली दादा काली को खाना देने जाते तभी हमलोगों को मालूम हुआ. ७-८ दिन बाद बंगाली दादा सब बच्चों को उठाकर अपनी सीढ़ी के नीचे ले आये. ३ बच्चे तो देखते-देखते बट गए. मादा स्लेटी को मेरे बेटे के दोस्त चिंटू,बबलू और दुलदुल ले गए. एक काली जैसा ही ब्लैक-ब्राउन प्यारा बच्चा था. उसे मेरी बेटी ने रख लिया. मेरी बेटी ने ही उसका नामकरण किट्टू किया.जब वह पढ़ने बैठती तो कुर्सी के नीचे उसकेपैरके पास बैठा रहता.मेरा बेटा उसे दुलारता , पुचकारता और गाने बना-बनाकर सुनाकर खुश होता.
मेरा उसे घर में रखने का बिलकुल मन नहीं था. वैसे ही घर में बहुत काम रहता था. घर का रख-रखाव, तीन-तीन बच्चों को संभालना ऊपर से कॉलेज का जॉब. मैंने बच्चों को समझाया कि इसे रखने से मेरी परेशानी बढ़ जायेगी. पर बच्चों कि जिद आगे झुकना पड़ा. बच्चे तो कम खेलते थे उसके साथ पर मेरे पति बच्चों से भी ज्यादा उससे खेलने लगे.
बच्चे जब पढ़ने बैठते तब किट्टू उनके पैर के पास बैठ जाता एक दिन मैं कॉलेज से आकर साड़ी खोजने लगी पलंग के नीचे झुककर देखा तो किट्टू मेरी साड़ी पकड़कर बैठा हुवा था . मैं कॉलेज से आती और उसका चैन खोलती तो जोर जोर से दौड कर घर का चक्कर लगाता  मेरे आगे पीछे दौड़ता और खुशी दिखाता कि मम्मी आ गयी .    
एक दिन तो खिडकी के ग्रिल में ही अपना सर फंसा लिया. हमारे पडोसी पुलिस के एस०पी० थे . वहाँ से मैंने एक सिपाही को आवाज देकर बुलाया और तब जाकर किट्टू के गर्दन को उसकी मदद से निकाला गया.
वह जानता था कि बदमाशी के बदले उसे प्यार ही मिलेगा. मेरी बूढी मेड काम करने आती तो वह भी उससे बहुत प्यार करती. किट्टू खेलते-खेलते दो तीन बार अकेले भागकर झाड़ी झंखाड में फंस जाया करते. कभी बच्चे मुक्त कर लाते कभी मेड तो कभी मैं. कभी कभी वह चैन और पट्टे से अपने को छुडा भी लेता और मस्ती करने लगता .
अब शाम को मेरा काम और भी बढ़ गया. किट्टू को चैन लगाकर घुमाना पड़ता. पति के अवकाश प्राप्ति के बाद कारखाने का बँगला छोड़कर हमलोग टाउनशिप से ५ किलोमीटर दूर अपने अशोक नगर के पुश्तैनी मकान में आ गए. वहाँ पहले से पाले गए कालू से उसकी दोस्ती हो गयी.
एक दिन कॉलेज से लौटने के बाद मैंने पाया कि घर में ताला   लगा हुआ है. तभी कालू-किट्टू दौड़ते हुए आये और मुझे अपनी भाषा में कुछ कहते हुए इशारे से घर के पीछे ले गए. मैंने देखा कि पतिदेव पीछे का दरवाजा मेरे लिए खुला छोड़कर गए हैं. मैं बहुत खुश हुई दोनों कि समझदारी देखकर. मैंने दोनों को ब्रेड पीस खाने को दिया.

किट्टू को सभी ने घर में रख तो लिया था पर एक बच्चे से भी अधिक उसका ख्याल रखना पड़ता था.बुखार होने पर वह कराहता तो मैं रात-रात भर सो नहीं पाती. पलंग के नीचे हाथ कर मैं उसे थपकाती रहती. कभी-कभी मैं दूध में आर्सेनिक एल्ब कि गोली मिलाकर दे देती. वह इतने से ठीक भी हो जाता.
काटना और क्रोधित होना तो वह नहीं जानता था, अल्सेशियन माँ का बच्चा जो था. कालू तो कभी-कभी गुस्से में बड़ी जोर से गुर्राता . कालू न जाने अशोक नगर में कितने अजनबिओं को काट चुका था. पर किट्टू बहुत ही सीधा, समझदार और प्यारा था. पता नहीं क्यों उसे ईश्वर ने कुत्ते कि योनी दी थी. उसका शरीर भर कुत्ते का था. उसके आने से घर में खुशी और प्यार का वातावरण उत्पन्न हो गया था. अगर किसी कारणवश पतिदेव या मैं बच्चों को डांटते तो किट्टू पास आकार पंजे से हमलोगों को दुलारता, मना करता.
पटाखे कि आवाज से वह बहुत डरता. सुनते ही वह कहीं भी दुबक कर बैठ जाता. दीपावली खुशियाँ लेकर आयी. हम सभी त्यौहार मनाने में व्यस्त थे. चारों तरफ भयंकर पटाखों कि आवाज़ आ रही थी. सोते समय किट्टू  घर में कहीं नहीं दिखा. घर का प्रांगण बहुत बड़ा और छिपने कि जगह बहुत थी. हमलोगों ने यही समझा कि वह कहीं छिपा बैठा होगा. दुसरे दिन सुबह वह घर में कहीं नहीं दिखा. वह किसी समय गेट से निकल कर भाग गया था. जाने कहाँ खो गया. मेरा बेटा और पतिदेव कार व् स्कूटर लेकर कई दिन चारों दिशा में खोज आये. बहुत ढूँढने पर भी वह नहीं मिला.हम सबों के दिल में हमेशा के लिए एक दर्द का एहसास छोड़ गया. अब भी ऐसा लगता है कि वह लौट कर आ जायेगा. पतिदेव कितना समझाते हैं कि अब तो खोये हुए भी १० वर्ष हो गए, दिल है कि मानता नहीं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें