सोमवार, 6 जुलाई 2020

अविस्मरणीय


गंगा दशहरा के अवसर पर औरतें सिर पर डलिया में कांसे या पीतल के बर्तनों में ज्वारे लेकर जा रही हैं। सारंगगढ़ तहसील में पहुँचने के पहले महानदी और मान नदी को नाव से पार करना पड़ता था। लेकिन उतनी दूर कौन जाता, स्त्रियाँ,लड़कियां, बच्चे सब हँसते खिलखिलाते वहीं थोड़ी दूर पर स्थित एक जलाशय की ओर जा रहे हैं। औरतें गीत गा रही हैं-
“ हाहो देवी गंगा देवी गंगा।लहर तुरंगा हाहो लहर तुरंगा॥ “
मैं भी पड़ोसन के साथ जाते हुए ज्वारे सिर पर रखे औरतों को देख रही थी। काफी लंबी लाइन थी। तभी मेरी नजर लाल लंहगे वाली चित्रा पर पड़ी। वह भी किसी से मांग कर ज्वारे की एक डलिया अपने सिर पर रखे हुए थी। अपनी सहेलियों के साथ खुश लग रही थी।
मैंने कहा-“बहिन जी देखिये आपकी चित्रा भी गंगा पूजने जा रही है।“
बहिन जी ने कहा-“ उसने मुझे कुछ बताया नहीं। ज्वारे की डलिया भी किसी सहेली से ली है।“
चित्रा हर समय कुछ न कुछ करती रहती थी। सुबह उठकर अपने से तैयार होकर स्कूल चली जाती थी । उसकी उम्र करीब नौ साल थी । क्लास की लड़कियों में वह सबसे छोटी थी । हैड मास्टर उसे अच्छे से पहचानते थे। एक बार स्कूल की ओर से बच्चों का कुछ प्रोग्राम था। उसे पार्ट करना था। किसी लड़की के साथ कुछ संवाद बोलना था। किसी कारण से वह नाटक नहीं हुआ। खैर फ़ैन्सी ड्रेस में उसे एक एंग्लो इंडियन लेडी का रोल मिला जिसमें अँग्रेजी के कुछ वाक्य बोलने थे। चित्रा ने अपनी पूरी तैयारी की। माँ से बिना पूछे माँ की सुनहरे पाड़ वाली सुंदर लाल साड़ी और स्लीवलेस ब्लाउज़ तथा भैया का गोगल्स लेकर चली गई। स्कूल में उसे ठीक से साड़ी पहना कर मेकअप किया गया। गोगल्स लगाकर बड़ी शान से वह स्टेज पर अपने रटे हुए डाइलॉग बोली। स्टेज पर उसे कैसा लगा वह नहीं जानती होगी। फ़ैन्सी ड्रेस में उसे एक क्रोशिया और धागे का बंडल प्राइज़ में मिला।
वह अपने में मस्त रहती किसी से अधिक मतलब नहीं  रखती थी।  
१५ अगस्त २६ जनवरी को स्कूल से प्रभातफेरी निकलती तीन तीन लड़कियां हाथ पकड़कर सड़कपर चलतीं सामने वाली लड़कियाँ देशभक्ति से संबंधित गीत गातीं एक लाइन होने पर बाकी सबलोग उसे दोहराते – जैसे
“इंसाफ कि डगर पे, बच्चों दिखाओ चलके।
ये देश है तुम्हारा , नेता तुम्हीं हो कल के । ”

तब चित्रा को बड़ा अच्छा लगता स्कूल में जब छुट्टी की घंटी बजती। सब बच्चे जोर जोर से चिल्लाते। एक दिन चित्रा चिल्ला रही थी , तभी हेडमास्टर ‍‍‍‍‍द्वारा पकड़ ली जाती है ।  उस दिन उसे जोर से ‍‍‌‌‌डांट पड़ती है चित्रा को खराब लगता है , पर वह थोड़ी देर बाद भूल जाती है । मास्टरजी उसे रेस्पेक्ट कि नजर से देखते थे। वह वहाँ के बड़े ऑफिसर की लड़की थी ।
एक लम्बा रास्ता तय करके सुबह के समय उसे पैदल ही स्कूल जाना पड़ता था । स्कूल के पास एक ऊँची पहाड़ी थी ,जिसपर एक सुंदर पैलेस बना हुवा था। वहीं आसपास चट्टानों के बीच से एक झरना बहता था । पहाड़ी पर का महल तथा झरना स्कूल के पास से दिखता  था पर उतने पास भी नहीं था । चित्रा स्कूल से ही वो पहाड़ी महल और झरना देखती पर वहाँ तक कभी गयी नहीं थी । कभी कभी सुनने में आता कोई राजकुमारी आई हुई है पर चित्रा को कोई मतलब नहीं था।  स्कूल आने जाने और खेलकूद में मस्त रहती।
एक दिन क्लास टीचर बोली कि कल सुबह सबको साफ ड्रेस पहनकर ठीक से तैयार होकर आना है, सबको प्रभातफेरी के साथ गाना गाते हुए निकलना है और एक निश्चित स्थान पर रुककर चीफ गेस्ट को माला पहनाना है । पांच लड़कियों का चुनाव माला पहनने के लिए हुआ उसमें चित्रा भी थी वह उम्र और हाईट दोनों में सबसे छोटी थी । दूसरे दिन स्कूल की सभी छात्राएं तैयारी से निकलीं। निश्चित स्थान पर कार से चीफ गेस्ट उतरे। पाँचों लड़कियों ने उनके गले में माला डाली। गेस्ट ने गाँधी टोपी पहन रखी थी । उन्होंने सब माला चित्रा को पहना दी और उसका हाथ पकड़कर यज्ञशाला कि ओर जाने लगे। चारों लड़कियों ने भी चित्रा का हाथ पकड़ लिया । अब चित्रा की शान में बहुत वृद्धि हो चुकी थी। वो चीफ गेस्ट कोई मिनिस्टर थे और वहीं के याने सारंगगढ़ के राजा नरेशचन्द्र थे। पहाड़ी पर का महल उन्हीं का था । यज्ञशाला के पास पहुंचकर उन्होंने चित्रा का हाथ छोड़ा ।  चित्रा यज्ञशाला की भीड़ से निकलकर घर चली गयी ।  माँ ने उसे इतनी माला पहने देख कर  चूम लिया । वह टुकुर टुकुर शीशे में अपना चेहरा देखने लगी कि क्या वो इस लायक थी।  यह दिन उसके लिए अविस्मरणीय था ।




रविवार, 5 जुलाई 2020

नीरज


नीरज की उम्र तीन साल है। वह अपने माता-पिता के साथ कभी-कभी मेरे घर आया करता है। वह मेरे बेटे के मित्र का लड़का है। वह जब भी आता है, सब उससे बातें करना चाहते हैं। उसकी मीठी तोतली प्यारी बातें सभी का मन मोह लेती हैं। सबलोग उसे कैमरे में, विडियो में कैद कर लेना चाहते हैं। उसका चौड़ा माथा है और चेहरा भी चौड़ा है। माँ हमेशा काजल का टीका लगाकर उसे रखती है। उसकी आँखों में काजल बहुत फबता है। छोटा होकर भी वह बड़ों के अंदाज में बातें करता है। मिन्नत करने पर वह डांस भी दिखाता है। मशहूर तारारारा की धुन पर वह बहुत ही मनोहारी डांस करता है। उसके नन्हें थिरकते पैर बड़े प्यारे लगता हैं। मैंने उससे कहा – “तुम  रोज मेरे घर क्यों नहीं आते हो । क्या कल आ सकते हो ? “ वह अपने मस्तक पर हाथ रखकर सोचने लगता है- ये क्या कहा जा रहा है। मैं भला कल कैसे आ सकता हूँ? अपने हाव-भाव से ही अपनी असमर्थता जता देता है। मेरे स्मृति पटल पर बार-बार उसकी वह तस्वीर कौंध जाती है।

वैज्ञानिक


मेरे पड़ोस में एक लड़की रहती थी। मैं कभी-कभी उसके पास जाया करती थी। एक दिन उसकी खिड़की पर मैंने कोई अच्छी किताब देखी तो लगा कि पढ़ लूँ पर उसने देने से इंकार कर दिया। मेरे घर के उस पार कुछ लोग रहते थे। कभी-कभी उनलोगों से भी बात होती थी। एक दिन एक औरत मुझसे बात करने लगी। वो जल्दी-जल्दी बोल रही थी। उसकी बातें समझने के लिए ज़ोर लगाना पड़ता। वह औरत अपने पुरखों का नाम बता रही थी। हमलोगों के पुरखों का भी नाम बता रही थी।  बातें करते समय उसके दोनों हाथ नाचते रहते थे।  बोलते समय उसके माथे पर सलवटें भी पड़ती। उसका कहना था कि हमलोग आपस में कई पुश्तों से रिश्तेदार और मित्र हैं।
बाहर से वो मेरी खिड़की के अंदर झाँका करती। मेरा बेटा कम्प्युटर पर काम करता रहता। वो उसे बाहर से काम करते देखती और शायद सोचती कि ऐसे काम करने वाले कम ही होते हैं। बाद में किसी ने बताया कि घ की किताबें वह रोड किनारे पीपल के पेड़ के नीचे रख रही है। किताबों का ढेर लगाकर हमारे नौकर को बोली कि ये किताबें भीतर जो वैज्ञानिक काम करते हैं उन्हें दे दो। कुछ किताबें उसने बगल के घर वाली लड़की को भी दे दी। बाद में पता चला कि वह पागल हो गई है।

रविवार, 28 जून 2020

किट्टू

मेरा प्यारा किट्टू जाने कहाँ चला गया.दो महीने तक मैं हाथ में चेन लिए घर घर ढूंढती तथा पूछती क्या कोई ब्लैक-ब्राउन कुत्ता इधर आया है पर जवाब नकारात्मक मिलता. कभी-कभी घर के काम से ऑटो रिक्शा लेकर दूर भी जाना पड़ता तब मैं सर निकाल कर इधर उधर देखती शायद मेरा किट्टू कहीं दिख जाए तो मैं चेन से बाँध कर ले आऊँगी.
मैं कुत्तों से अत्यधिक डरती थी. कभी कुत्तों के पास नहीं जाया करती थी. रांची में हमलोगों का घर अक्सर बदलता रहता था. कंपनी की तरफ से एक बड़ा बंगला मिला. बंगला काफी दिनों से खाली था. मैं बैग लेकर घर में घुसी ही थी कि ७-८  कुत्ते मुझे वहाँ देखकर दौड़े.डर के कारण मेरी हालात खराब थी. किन्तु वैसा कुछ नहीं हुआ. सब मेरे चारो ओर खड़े हो दोनों आगे के पंजों को हिलाकर मेरा स्वागत करने लगे. मेरी जान पहचान कि एक महिला हमलोगों से मिलने आयी तो उसके साथ भी कुत्तों ने वैसा ही किया.
बाद में पता चला कि हमसे पहले एक अविवाहित इंजीनियर वहाँ रहा करता था. वह त्रिपुरा राज परिवार का बर्मन था. वह कुत्तों को ब्रेड, राइस और हड्डियां खिलाया करता था. सड़क के जितने कुत्ते आते सभी को खिलाता.
ऊपर के तल्ले में एक बंगाली बाबू रहते थे. उन्होंने भी दो कुत्ते पाल रखे थे. अविवाहित इंजिनियर का ज्यादा वक्त बंगाली बाबू के परिवार के साथ बीतता था. बंगाली परिवार उसे छोटे भाई का प्यार देते थे.
दोनों महाशय गाने बजाने के बहुत शौक़ीन थे. तानपूरा, हारमोनियम,तबला सभी पर अभ्यास किया करते थे. जब बर्मन दादा घर छोड़कर गए तो सब कुत्ते अनाथ से हो गये वे सभी कोर्टयार्ड और बरामदे में रहते. हमारे आने के बाद आदत से लाचार कुत्ते आगे पीछे लाइन से बैठ जाते. मजबूरन हमलोग उन्हें खाना देते रहते. हमारे द्वारा परम्परा बनाये रखने कि पूरी कोशिश हुई..
बंगाली परिवार बहुत खुशमिजाज स्वभाव के थे. पलक झपकते हमलोगों से अच्छी दोस्ती हो गयी. अधिकतर मेरी बातचीत ऊपर बालकोनी में खड़ी पड़ोसन से होती रहती. जब कभी मैं चटक साडी पहन कॉलेज पढाने जाती तो वे प्रशंसा से मुझे देखती. 
बंगाली परिवार के पास खुद के दो कुत्ते थे, एक पामेरियन और दूसरा भूटानी पर सीढ़ी के नीचे एक अल्सेशियन भी रहती थी. पता लगा जब उसका रशियन मालिक विदेश लौट गया तो वह भटकते हुए इस बंगले में ठौर पा सकी.
वह बहुत ही सुन्दर, समझदार और स्नेही थी. इससे पहले मैंने इतनी समझदारी किसी कुत्ते में नहीं देखी थी. सामान्य कुत्तों से लंबी ,ऊंची और भूरापन लिए हुए काले बाल. इसीलिये उसका नाम भी काली रख दिया गया था. किसी नए आदमी को देखकर अगर उसमें कोई खोट नहीं हुआ तो वह बहुत प्यार से दम हिलाती. ऐसा अकसर होता है कि सामान्य कुत्तों को देखकर दूर हट जाने की इच्छा होती है पर काली को देखकर कोई भी प्यार किये बिना नहीं रहता. बर्मन के जाने के बाद काली हमेशा हमलोगों के बरामदे में बैठी रहती.   
समयांतर में काली ने ५ बच्चों को जन्म दिया. बच्चों का जन्म बंगले के पीछे घास और छोटे पौधों के बीच छिपे हुए गड्ढे में हुआ. बंगाली दादा काली को खाना देने जाते तभी हमलोगों को मालूम हुआ. ७-८ दिन बाद बंगाली दादा सब बच्चों को उठाकर अपनी सीढ़ी के नीचे ले आये. ३ बच्चे तो देखते-देखते बट गए. मादा स्लेटी को मेरे बेटे के दोस्त चिंटू,बबलू और दुलदुल ले गए. एक काली जैसा ही ब्लैक-ब्राउन प्यारा बच्चा था. उसे मेरी बेटी ने रख लिया. मेरी बेटी ने ही उसका नामकरण किट्टू किया.जब वह पढ़ने बैठती तो कुर्सी के नीचे उसकेपैरके पास बैठा रहता.मेरा बेटा उसे दुलारता , पुचकारता और गाने बना-बनाकर सुनाकर खुश होता.
मेरा उसे घर में रखने का बिलकुल मन नहीं था. वैसे ही घर में बहुत काम रहता था. घर का रख-रखाव, तीन-तीन बच्चों को संभालना ऊपर से कॉलेज का जॉब. मैंने बच्चों को समझाया कि इसे रखने से मेरी परेशानी बढ़ जायेगी. पर बच्चों कि जिद आगे झुकना पड़ा. बच्चे तो कम खेलते थे उसके साथ पर मेरे पति बच्चों से भी ज्यादा उससे खेलने लगे.
बच्चे जब पढ़ने बैठते तब किट्टू उनके पैर के पास बैठ जाता एक दिन मैं कॉलेज से आकर साड़ी खोजने लगी पलंग के नीचे झुककर देखा तो किट्टू मेरी साड़ी पकड़कर बैठा हुवा था . मैं कॉलेज से आती और उसका चैन खोलती तो जोर जोर से दौड कर घर का चक्कर लगाता  मेरे आगे पीछे दौड़ता और खुशी दिखाता कि मम्मी आ गयी .    
एक दिन तो खिडकी के ग्रिल में ही अपना सर फंसा लिया. हमारे पडोसी पुलिस के एस०पी० थे . वहाँ से मैंने एक सिपाही को आवाज देकर बुलाया और तब जाकर किट्टू के गर्दन को उसकी मदद से निकाला गया.
वह जानता था कि बदमाशी के बदले उसे प्यार ही मिलेगा. मेरी बूढी मेड काम करने आती तो वह भी उससे बहुत प्यार करती. किट्टू खेलते-खेलते दो तीन बार अकेले भागकर झाड़ी झंखाड में फंस जाया करते. कभी बच्चे मुक्त कर लाते कभी मेड तो कभी मैं. कभी कभी वह चैन और पट्टे से अपने को छुडा भी लेता और मस्ती करने लगता .
अब शाम को मेरा काम और भी बढ़ गया. किट्टू को चैन लगाकर घुमाना पड़ता. पति के अवकाश प्राप्ति के बाद कारखाने का बँगला छोड़कर हमलोग टाउनशिप से ५ किलोमीटर दूर अपने अशोक नगर के पुश्तैनी मकान में आ गए. वहाँ पहले से पाले गए कालू से उसकी दोस्ती हो गयी.
एक दिन कॉलेज से लौटने के बाद मैंने पाया कि घर में ताला   लगा हुआ है. तभी कालू-किट्टू दौड़ते हुए आये और मुझे अपनी भाषा में कुछ कहते हुए इशारे से घर के पीछे ले गए. मैंने देखा कि पतिदेव पीछे का दरवाजा मेरे लिए खुला छोड़कर गए हैं. मैं बहुत खुश हुई दोनों कि समझदारी देखकर. मैंने दोनों को ब्रेड पीस खाने को दिया.

किट्टू को सभी ने घर में रख तो लिया था पर एक बच्चे से भी अधिक उसका ख्याल रखना पड़ता था.बुखार होने पर वह कराहता तो मैं रात-रात भर सो नहीं पाती. पलंग के नीचे हाथ कर मैं उसे थपकाती रहती. कभी-कभी मैं दूध में आर्सेनिक एल्ब कि गोली मिलाकर दे देती. वह इतने से ठीक भी हो जाता.
काटना और क्रोधित होना तो वह नहीं जानता था, अल्सेशियन माँ का बच्चा जो था. कालू तो कभी-कभी गुस्से में बड़ी जोर से गुर्राता . कालू न जाने अशोक नगर में कितने अजनबिओं को काट चुका था. पर किट्टू बहुत ही सीधा, समझदार और प्यारा था. पता नहीं क्यों उसे ईश्वर ने कुत्ते कि योनी दी थी. उसका शरीर भर कुत्ते का था. उसके आने से घर में खुशी और प्यार का वातावरण उत्पन्न हो गया था. अगर किसी कारणवश पतिदेव या मैं बच्चों को डांटते तो किट्टू पास आकार पंजे से हमलोगों को दुलारता, मना करता.
पटाखे कि आवाज से वह बहुत डरता. सुनते ही वह कहीं भी दुबक कर बैठ जाता. दीपावली खुशियाँ लेकर आयी. हम सभी त्यौहार मनाने में व्यस्त थे. चारों तरफ भयंकर पटाखों कि आवाज़ आ रही थी. सोते समय किट्टू  घर में कहीं नहीं दिखा. घर का प्रांगण बहुत बड़ा और छिपने कि जगह बहुत थी. हमलोगों ने यही समझा कि वह कहीं छिपा बैठा होगा. दुसरे दिन सुबह वह घर में कहीं नहीं दिखा. वह किसी समय गेट से निकल कर भाग गया था. जाने कहाँ खो गया. मेरा बेटा और पतिदेव कार व् स्कूटर लेकर कई दिन चारों दिशा में खोज आये. बहुत ढूँढने पर भी वह नहीं मिला.हम सबों के दिल में हमेशा के लिए एक दर्द का एहसास छोड़ गया. अब भी ऐसा लगता है कि वह लौट कर आ जायेगा. पतिदेव कितना समझाते हैं कि अब तो खोये हुए भी १० वर्ष हो गए, दिल है कि मानता नहीं. 

मंगलवार, 9 जून 2020

खिड़की


मेरे बाहर वाली खिड़की के सामने के घर एक कोना थोड़ा बहुत दिखता है। वहाँ दीवाल पर रखे सुंदर गमलो तथा उनमें खिले फूलों की ओर अनायास ही मेरी नजर चली जाती है। अंदर एक झूला लगा है और कुछ कुर्सियाँ भी बैठने के लिए लगीं हैं।
अक्सर दो स्त्री पुरुष नजर आते हैं। उन्हें देखकर मैं थोड़ा ओट लेकर बैठ जाती हूँ। पुरुष करीब 70 साल का है और स्त्री भी 65 की लगती है। पुरुष जितना अधिक मोटा है स्त्री उतनी ही पतली है। दोनों में क्या संबंध है यह दूर से देखकर नहीं कहा जा सकता है। स्त्री बेटी की तरह लगती है। कटे हुए बालों के साथ उसका पहनावा अच्छा और संभवतः मंहगा भी होता है। पुरुष अत्यधिक गोरा और खाया-पिया लगता है। स्त्री गेहुए रंग की है । सुडौल शरीर के साथ नयन नक्शे बहुत आकर्षक तो नहीं पर दूर से ठीक ही लगते हैं।
वो जब कभी बात करती है तो वह भी कान में पड़ जाता है। अपनी भाषा में स्त्रीलिंग-पुल्लिंग और वचन का ख्याल रखती है अथवा उसे ऐसा सिखाया गया है। मैंने उससे बात करने की कोशिश कभी नहीं की पर काम करने वाली बाई के साथ उसका चीखना-चिल्लाना सुनाई पड़ता रहता है। जैसा व्यवहार होना चाहिए उसके विपरीत ज़ोर-ज़ोर से चीखने-चिल्लाने लगती है। उस समय उसका चेहरा स्याह पड़ जाता है। मैंने एक दिन उसकी बाई से पूछा – “तुम्हारी मालकिन ऐसा क्यों करती है ?"
वह कहती है – उनकी दिमागी दशा ठीक नहीं रहती है।अब भीतर की बात कौन जाने। भइयाजी भी उसपर चीखते-चिल्लाते रहते हैं। पहली बीबी को तो मार डाले हैं अब कम से कम दूसरी का तो उन्हें ख्याल रखना चाहिए। औरत बिलकुल बेवकूफ या नासमझ है। कोई बार-बार घर लाकर प्रताड़ित कर रहा है, डांट रहा है, चीख-चिल्ला रहा है। कभी-कभी तो कहता है- मारब तोहरिया के एक झापड़। ईश्वर जाने वह मार भी खाती है या बची रहती है। बाई कहती है – मेरे ख्याल से उसको भगाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। हो सकता है मजबूरीवश वह सब कुछ सह रही है। मजा तो तब आता है जब सौतन के बच्चे भी वहाँ आते हैं। कभी ये उनको देखकर मुंह बिचकाती है, कभी बच्चे इसको देखकर मुंह बिचकाते हें। भइयाजी इसे खूब घूमते-फिराते रहते हैं। घर मेँ खाने पीने की कोई कमी नहीं है। फिर भी ये सूखी हुई है। इसे दूसरों का सुख अच्छा नहीं लगता है। घर की दूसरी औरतों से भी लड़ती-झगड़ती रहती है।
इतना कुछ उसके बारे में जानकार मुझे ऐसा लगा की मैंने बहुत कुछ जान लिया। पुरुष स्त्री बहुत कम और नपी-तुली भाषा मेँ बात करते थे। अक्सर बाहर ही वह फल छील-काट कर उस मोटे पुरुष को खिलाया करती थी।
मोटे लोग खुशमिजाज होते है पर उसका स्वभाव तो वह और उस घर में झेल रही औरत ही जानती होगी। एक लंबी सांस लेकर मैं भीतर चली गई।
मन नहीं लग रहा था तो आज फिर मैं चाय का प्याला लेकर खिड़की पर बैठ गई। सामने वाली छत पर खिले हुए फूल अपनी मुस्कुराहट बिखेर रहे थे। हवा धीरे-धीरे चल रही थी। नीचे लगा हुआ चम्पा अपनी पकी खुशबू बिखेर रहा था। इधर कुछ दिनों से छत पर बैठा अकेला पुरुष ही दिखता था। कभी पौधों में पानी डालता, कभी खुरपी लेकर गमले की मिट्टी ठीक करता। पता नहीं क्यों मुझे उसको देखने की आदत सी पड़ गई थी। मैंने बाई से एक दिन पूछा - क्या बात है वो औरत दिखती नहीं, क्या बाहर गई है।  वह बोली – क्या बताए ! भैया जी से लड़ झगड़ कर शॉपिंग करने निकली थी। अपनी कार छोडकर ऑटोरिक्शा से गई थी। रास्ते में एक्सिडेंट हो गया। शॉपिंग मॉल की जगह हॉस्पिटल में एड्मिट होना पड़ा। भैया जी रात-दिन हॉस्पिटल दौड़ते रहे फिर घर लाकर काफी देखभाल की। वह हाथ से काम नहीं कर पाती थी। भोजन भी किसी तरह चम्मच से कर लेती थी। कंघी भी नहीं कर पाती थी। भइयाजी खुद ही  उसके बालों को कंघी करते थे। अभी तक पूरी तरह स्वस्थ्य नहीं हुई है। एक बात अवश्य हुई की अब उनके कहीं अकेले आने-जाने पर रोक लग गई है। मेमसाहब क्या बताए , उनका तो अलग ही तरह का स्वभाव है। उनकी देवर-देवरानी आए थे। कभी-कभी तो उनसे बहुत अच्छे से बात करती है पर कभी-कभी उनका असली रंग रूप भी प्रकट हो जाता।
देवर देवरानी अच्छा व्यवहार रखते थे पर वह ईर्ष्या से जलती रहती थी। उन्हें विवाह में पति के साथ तीन बच्चों का गिफ्ट भी मिला जिनके पालन-पोषण की ज़िम्मेदारी निभानी थी। देवरानी का खुश परिवार था। जो भी उनके साथ थे सब अपने थे । उनके पति भी उन दोनों को पूछा करते थे।
अब सोचो जरा तुरंत की ब्याहता  के पास क्या सिंदूर नहीं था। वह रोज उससे कहती सिंदूर दो। देवरानी भले मन की थी, दे देती। सोचती सिंदूर देना शुभ है उसे सिंदूर बढ़ता है। खैर भैयाजी जान गए तो उंकोन सिंदूर खरीद कर दिये और बोले ये सब चीज़ें दूसरों से नहीं ली जाती हैं।
भइयाजी के पास एक स्मार्ट लड़का आता था तब भी ये अच्छा फैशन करके निकलती और देखती उसे देख रहा है या नहीं। अपने लिए चाहे जो सोचे पर दूसरों के सोचने का नजरिया भला वो क्या समझती। उनको कई बार इसी तरह मन मार कर रह जाना पड़ता।
मैंने मेड से पूछा भैया जी से कैसा व्यवहार रखती है। वह बोली – अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों से हर बात मनवा लेती है। भइयाजी की दूसरी शादी है तो उनको उसमें हर समय नयापन नजर आता है। संभवतः वह उसे तौलने का भी प्रयास करते होंगे। कभी-कभी बैचेन से ढूँढने भी लगते हैं, मेरी जान कहाँ गई है। उनकी जान गपशप में व्यस्त होती।
भीतर उमस थी। हवा भी बंद थी। बारिश भी रुकी हुई थी। सुबह के नौ बजे थे। मैं खिड़की का पर्दा हटाकर उस छत को देख रही हूँ। मेरी मेड पोछा लगाते हुए मेरे पास पहुँचती है। मैं पूछती हूँ परसों क्या हुआ था। तभी सामने छत पर वह एक औरत के साथ बहस करती हुई आई फिर नीचे चली गई। वो कौन औरत है जो उनके घर आई है, लगता है दोनों में पटती नहीं। मेड कहती है-“ उधर तीन-चार रोज से मैं काम करने नहीं गई, मेरी बेटी गई थी। मेरी बेटी मुझे बता रही थी की दोनों में क्यों तूतू-मैं मैं हो रही थी। गाँव से उसकी भाभी अपने बच्चों का इलाज ने आई है। भइयाजी एम0बी0बी0एस0 डॉक्टर हैं , अच्छे अच्छे डॉक्टरों से उनकी जान-पहचान है। झगड़ा चाय को लेकर हुआ। जान अपने भाई के लिए चाय बनाने गई। चाय के डब्बे में वह शक्कर,पत्ती,दूध सब डालकर पानी खौलने का इंतजार करने लगी। तभी भाभीजी भी वहाँ आकर खड़ी हो गई।जान ने देखा चाय बेरंग हो रही है। भाभी के गले में एक छोटा लॉकेट लटक रहा था। चाय भैया के पास पहुंची। भइयाजी चाय का प्याला रखकर ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने लगे –“ये कैसी चाय बनी है ? कौन बनाया है ?” जान की खूब बदनामी हुई। अब जान को चाय बनाने में खुशी महसूस नहीं होती। गाँव वाले भैया के पास कोई भी चाय का काढ़ा बनाकर ले जाता तो जान के जानु को कहा जाता की क्या यह चाय तुम बनाए हो। याने जान कभी भी अच्छी चाय  बना सकती। पर जान और जानु दोनों समझ गए थे कि लॉकेट का राज क्या था।
जान कि इज्जत और नाम मिटाने कि उस औरत ने अपनी काली करतूतों द्वारा कोई कसर नहीं छोड़ी।
दूसरी बार फिर जान और भाभी लड़ गईं। जान उसको ड़ांंट रही थी-“ तुम तो हर समय मेरी माँ को उल्टा-सीधा बोलती रहती हो। कीचेन में तेल, मसाला, सामान सभी कुछ छिपा देती हो और कहती हो वो तो लॉन्ग जंप, हाइ जंप करती है। तुम्हें शर्म आनी चाहिए। तुम ओल्ड लेडी के साथ ऐसा बुरा वरताव करती हो। तुम किसी को बोलती हो कि तुम मेरे घर कि नवरात्र पूजा को काला करोगी। उनकी भाभी बोली की ये झूठ है।जान भी अड़कर बोली की तुमने जिसको कहा  वह झूठ नहीं बोलता पर मैं तुम्हें उसका नाम नहीं बताऊँगी। नैहर में तो तुम बड़ी मेल मोहब्बत से रहती हो पर मेरे घर को तुमने नरक कर दिया है। तुमको तो मैं और मेरा नैहर बिलकुल भी अच्छा नहीं लगता। केवल सबसे हमलोगों की चुगली शिकायत करती रहती हो। हमलोगों में तो खोट ही खोट है सब अच्छायी केवल तुममें और तुम्हारे नैहर में है। हमलोग तुम्हारे घर जाते हैं तो अपनी भौजाईयों को सीखा पढ़ाकर उनसे हमलोगों की बेइज्जती करवाती हो। आमलोग तुमहारे घर की शादी की सब मिठाई स्टेशन पर फेंक कर चले गए थे। तुमलोगों के पास तो बहुत प्रॉपार्टी और अच्छा पैसा भी है। फिर भी छोटे भाइयों की देख-रेख नहीं कर सकते हो। मैं पूछती हूँ क्या तुमलोगों ने हर पति पत्नी को फोड़ने का ठेका ले रखा है। कितना सच है लोगों का कहना भी की हर मानव अपने-आपने सुख की तलाश में है। कोई धन दौलत कमा कर सुखी रहना चाहता है। कोई पुण्य कर्म करता है। कोई अपने परिवार की खुशी में सुख देखता है। कोई आध्यात्म में सुख पाना चाहता है। तो कोई दूसरों को सताकर तकलीफ देकर सुख पाना चाहता है। कोई गलत सिद्धान्त बनाकर उन्ही पर चलकर जीवन बिताना चाहता है। इतने प्रकार से मानव सुख की तलाश करता है। जान सोच रही है की किस तरह से लोग रंगे सियार जैसा रूप बदलते हैं। दूसरों के सामने तो खुद सिद्धान्त की बातें करते हैं या सिद्धान्त सिखाते हैं पर अपना समय आने पर सबकुछ भूलकर विपरीत व्यवहार करते हैं,
जान घर आई भाभी का पूरा ख्याल रखती है।पर इस समीपता में उस औरत का एक एक मुखौटा उतरने लगता है। जान ने अपनी बहन से भी कुछ कुछ सुना था उसके बारे में। वह बेटा बहू को साथ नहीं सोने देती है। बेटा बहू से बात न करे इसलिए हर समय उससे चिपकी रहती है। बहुत मीठी और चिकनी-चुपड़ी भाषा में केवल आग उगलती रहती है।
जान को जब