सोमवार, 6 जुलाई 2020

अविस्मरणीय


गंगा दशहरा के अवसर पर औरतें सिर पर डलिया में कांसे या पीतल के बर्तनों में ज्वारे लेकर जा रही हैं। सारंगगढ़ तहसील में पहुँचने के पहले महानदी और मान नदी को नाव से पार करना पड़ता था। लेकिन उतनी दूर कौन जाता, स्त्रियाँ,लड़कियां, बच्चे सब हँसते खिलखिलाते वहीं थोड़ी दूर पर स्थित एक जलाशय की ओर जा रहे हैं। औरतें गीत गा रही हैं-
“ हाहो देवी गंगा देवी गंगा।लहर तुरंगा हाहो लहर तुरंगा॥ “
मैं भी पड़ोसन के साथ जाते हुए ज्वारे सिर पर रखे औरतों को देख रही थी। काफी लंबी लाइन थी। तभी मेरी नजर लाल लंहगे वाली चित्रा पर पड़ी। वह भी किसी से मांग कर ज्वारे की एक डलिया अपने सिर पर रखे हुए थी। अपनी सहेलियों के साथ खुश लग रही थी।
मैंने कहा-“बहिन जी देखिये आपकी चित्रा भी गंगा पूजने जा रही है।“
बहिन जी ने कहा-“ उसने मुझे कुछ बताया नहीं। ज्वारे की डलिया भी किसी सहेली से ली है।“
चित्रा हर समय कुछ न कुछ करती रहती थी। सुबह उठकर अपने से तैयार होकर स्कूल चली जाती थी । उसकी उम्र करीब नौ साल थी । क्लास की लड़कियों में वह सबसे छोटी थी । हैड मास्टर उसे अच्छे से पहचानते थे। एक बार स्कूल की ओर से बच्चों का कुछ प्रोग्राम था। उसे पार्ट करना था। किसी लड़की के साथ कुछ संवाद बोलना था। किसी कारण से वह नाटक नहीं हुआ। खैर फ़ैन्सी ड्रेस में उसे एक एंग्लो इंडियन लेडी का रोल मिला जिसमें अँग्रेजी के कुछ वाक्य बोलने थे। चित्रा ने अपनी पूरी तैयारी की। माँ से बिना पूछे माँ की सुनहरे पाड़ वाली सुंदर लाल साड़ी और स्लीवलेस ब्लाउज़ तथा भैया का गोगल्स लेकर चली गई। स्कूल में उसे ठीक से साड़ी पहना कर मेकअप किया गया। गोगल्स लगाकर बड़ी शान से वह स्टेज पर अपने रटे हुए डाइलॉग बोली। स्टेज पर उसे कैसा लगा वह नहीं जानती होगी। फ़ैन्सी ड्रेस में उसे एक क्रोशिया और धागे का बंडल प्राइज़ में मिला।
वह अपने में मस्त रहती किसी से अधिक मतलब नहीं  रखती थी।  
१५ अगस्त २६ जनवरी को स्कूल से प्रभातफेरी निकलती तीन तीन लड़कियां हाथ पकड़कर सड़कपर चलतीं सामने वाली लड़कियाँ देशभक्ति से संबंधित गीत गातीं एक लाइन होने पर बाकी सबलोग उसे दोहराते – जैसे
“इंसाफ कि डगर पे, बच्चों दिखाओ चलके।
ये देश है तुम्हारा , नेता तुम्हीं हो कल के । ”

तब चित्रा को बड़ा अच्छा लगता स्कूल में जब छुट्टी की घंटी बजती। सब बच्चे जोर जोर से चिल्लाते। एक दिन चित्रा चिल्ला रही थी , तभी हेडमास्टर ‍‍‍‍‍द्वारा पकड़ ली जाती है ।  उस दिन उसे जोर से ‍‍‌‌‌डांट पड़ती है चित्रा को खराब लगता है , पर वह थोड़ी देर बाद भूल जाती है । मास्टरजी उसे रेस्पेक्ट कि नजर से देखते थे। वह वहाँ के बड़े ऑफिसर की लड़की थी ।
एक लम्बा रास्ता तय करके सुबह के समय उसे पैदल ही स्कूल जाना पड़ता था । स्कूल के पास एक ऊँची पहाड़ी थी ,जिसपर एक सुंदर पैलेस बना हुवा था। वहीं आसपास चट्टानों के बीच से एक झरना बहता था । पहाड़ी पर का महल तथा झरना स्कूल के पास से दिखता  था पर उतने पास भी नहीं था । चित्रा स्कूल से ही वो पहाड़ी महल और झरना देखती पर वहाँ तक कभी गयी नहीं थी । कभी कभी सुनने में आता कोई राजकुमारी आई हुई है पर चित्रा को कोई मतलब नहीं था।  स्कूल आने जाने और खेलकूद में मस्त रहती।
एक दिन क्लास टीचर बोली कि कल सुबह सबको साफ ड्रेस पहनकर ठीक से तैयार होकर आना है, सबको प्रभातफेरी के साथ गाना गाते हुए निकलना है और एक निश्चित स्थान पर रुककर चीफ गेस्ट को माला पहनाना है । पांच लड़कियों का चुनाव माला पहनने के लिए हुआ उसमें चित्रा भी थी वह उम्र और हाईट दोनों में सबसे छोटी थी । दूसरे दिन स्कूल की सभी छात्राएं तैयारी से निकलीं। निश्चित स्थान पर कार से चीफ गेस्ट उतरे। पाँचों लड़कियों ने उनके गले में माला डाली। गेस्ट ने गाँधी टोपी पहन रखी थी । उन्होंने सब माला चित्रा को पहना दी और उसका हाथ पकड़कर यज्ञशाला कि ओर जाने लगे। चारों लड़कियों ने भी चित्रा का हाथ पकड़ लिया । अब चित्रा की शान में बहुत वृद्धि हो चुकी थी। वो चीफ गेस्ट कोई मिनिस्टर थे और वहीं के याने सारंगगढ़ के राजा नरेशचन्द्र थे। पहाड़ी पर का महल उन्हीं का था । यज्ञशाला के पास पहुंचकर उन्होंने चित्रा का हाथ छोड़ा ।  चित्रा यज्ञशाला की भीड़ से निकलकर घर चली गयी ।  माँ ने उसे इतनी माला पहने देख कर  चूम लिया । वह टुकुर टुकुर शीशे में अपना चेहरा देखने लगी कि क्या वो इस लायक थी।  यह दिन उसके लिए अविस्मरणीय था ।




1 टिप्पणी: